बदलते मौसम का असर : पीएचसी टेढ़ागाछ में बढ़ी मरीजों की भीड़, चिकित्सीय सेवा से लोगों को मिल रहा भरोसा

SHARE:

किशनगंज/विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेढ़ागाछ इन दिनों क्षेत्रवासियों के लिए स्वास्थ्य सेवा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। रोजाना दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए यहां पहुंच रहे हैं। खासकर मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है।

बीते कुछ दिनों से कभी अचानक ठंड तो कभी तेज गर्मी बढ़ने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, जिससे लोग सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
स्वास्थ्य केंद्र में बढ़ती भीड़ के बावजूद मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर प्रमोद कुमार ने बताया कि बदलते मौसम का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। इसी कारण इन दिनों ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।

उन्होंने बताया कि अधिकतर मरीज सर्दी- जुकाम एवं मौसमी संक्रमण से पीड़ित हैं, जिनका समुचित परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्वास्थ्य केंद्र में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी मरीज को बिना इलाज लौटना न पड़े।पीएचसी टेढ़ागाछ में चिकित्सीय सेवा के साथ मानवीय संवेदनशीलता भी देखने को मिल रही है। बैरिया निवासी सिद्धनाथ पांडे ने बताया कि वे अपने 94 वर्षीय वृद्ध पिता को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र लाए थे।

उम्र अधिक होने के कारण उनके पिता चलने में असमर्थ थे। ऐसे में चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर प्रमोद कुमार ने स्वयं आगे बढ़कर उन्हें सहारा दिया और गेट से भीतर स्वास्थ्य केंद्र तक ले गए। इसके बाद उनके पिता का विधिवत इलाज किया गया और आवश्यक दवाइयां दी गईं, जिससे उनकी स्थिति में सुधार हुआ है।स्थानीय लोगों का कहना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेढ़ागाछ में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का व्यवहार सराहनीय है।

मरीजों को न केवल चिकित्सा सुविधा मिल रही है, बल्कि उन्हें सम्मान और अपनत्व का अनुभव भी हो रहा है। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि इसी तरह स्वास्थ्य केंद्र में बेहतर सेवाएं निरंतर मिलती रहेंगी, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों के लोगों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़े।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई