टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत स्थित सुहिया चौक पर शुक्रवार की रात्रि चोरों ने एक गैस एवं मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने शिवानंद मंडल की कच्ची दुकान का टाटी काटकर लगभग 35 हजार रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया और फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवानंद मंडल सुहिया चौक पर गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा एवं मोबाइल से संबंधित सामान की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने सन्कानाटे और घने कोहरे का फायदा उठाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया ।चोरों ने दुकान की टाटी को दो अलग-अलग दिशाओं से काटा, जिससे स्पष्ट होता है कि चोरी की योजना पहले से बनाई गई थी।
शनिवार की सुबह जब स्थानीय लोग अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तब शिवानंद मंडल की दुकान का टाटी कटा हुआ देख लोगों को चोरी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर दुकानदार शिवानंद मंडल मौके पर पहुंचे और दुकान के अंदर का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। दुकान से गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, रेगुलेटर, टॉर्च सहित अन्य कीमती सामान गायब पाया गया।दुकानदार शिवानंद मंडल ने बताया कि चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये है।
उन्होंने कहा कि अभी वे दुकान पर पहुंचकर पूरे नुकसान का आकलन कर रहे हैं। सभी वस्तुओं की सूची तैयार करने के बाद टेढ़ागाछ थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की सूचना दी जाएगी।घटना के बाद सुहिया चौक एवं आसपास के दुकानदारों में भय का माहौल है।





























