राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित जागरूकता रैली को जिला पदाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

SHARE:

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मियों को किया गया सम्मानित

संवाददाता/किशनगंज

जिला पदाधिकारी विशाल राज ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के शुभ अवसर पर मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर समाहरणालय परिसर से खगड़ा स्थित सम्राट अशोक भवन के लिए रवाना किया। इस जागरूकता रैली में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, कार्यालय कर्मी एवं विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य कार्यक्रम सम्राट अशोक भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान मतदाता जागरूकता से संबंधित वीडियो प्रदर्शित किया गया तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त का संबोधन भी दिखाया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि उपस्थित बच्चे देश का भविष्य हैं, जो आगे चलकर देश को मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संविधान, स्वतंत्रता, लोकतंत्र तथा अपने प्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने मतदान की शक्ति को पहचानने और इसका सदुपयोग करने का आह्वान किया।

जिला पदाधिकारी विशाल राज ने अपने संबोधन में कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि आज भारत का लोकतंत्र पूरे विश्व के लिए एक मिसाल है, जिसे सुदृढ़ बनाने में निर्वाचन आयोग की अहम भूमिका है। जिला पदाधिकारी ने सभी बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने के उपरांत मतदान अवश्य करें, सही प्रत्याशी का चयन करें तथा एक मजबूत एवं जिम्मेदार सरकार के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।इस मौके पर मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मियों को
प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई