किशनगंज:जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति, फॉरेस्ट टास्क फोर्स एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक टास्क फोर्स की संयुक्त बैठक आयोजित
किशनगंज/प्रतिनिधि
जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति (नमामि गंगे), फॉरेस्ट टास्क फोर्स एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक टास्क फोर्स की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया कि किशनगंज शहर के चूड़ीपट्टी क्षेत्र में पूर्व में अवैध संचालन एवं बायो-मेडिकल वेस्ट के गलत निष्पादन के आधार पर 14 पैथोलॉजी एवं नर्सिंग होम को सील कर निर्धारित अर्थदंड अधिरोपित किए जाने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने पुनः निर्देश दिया कि जिले में संचालित पैथोलॉजी एवं नर्सिंग होम के अवैध संचालन एवं बायो-मेडिकल वेस्ट के निष्पादन की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
जिला पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि किशनगंज जिले के सभी निजी अस्पतालों में बायो-मेडिकल कचरे के उचित निस्तारण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। सभी अस्पतालों से दैनिक बायो-मेडिकल कचरा उठाव की स्थिति पर कड़ी निगरानी रखते हुए शहरी क्षेत्र के सभी निजी अस्पतालों की जांच कराई जाए तथा बायो-मेडिकल कचरे के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि 15 जनवरी तक सभी डस्टबिन बदले जाएंगे तथा चिन्हित 40 स्थलों पर पुराने प्लास्टिक डस्टबिन हटाकर नए डस्टबिन लगाए जाएंगे। इस पर जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सड़कों पर बालू, गिट्टी एवं अन्य निर्माण सामग्री रखने पर अर्थदंड अधिरोपित किया जाए। साथ ही आगामी सरस्वती पूजा के विसर्जन को नियमानुसार संपन्न कराने हेतु माइकिंग के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया गया।
जंगली जानवरों से फसल क्षति के मामलों की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि दिघलबैंक एवं ठाकुरगंज क्षेत्रों में जंगली हाथियों द्वारा किसानों की फसलों को क्षति पहुंची है। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रभावित किसानों को देय सहायता राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद; सिविल सर्जन; जिला कृषि पदाधिकारी सहित संबंधित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।




























