कटिहार – नगर निगम कटिहार की ओर से नगर आयुक्त संतोष कुमार के नेतृत्व में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर आयुक्त मौके पर मौजूद रहकर कार्रवाई का नेतृत्व किये। यह अभियान शिवमंदिर चौक से प्रारंभ होकर बड़ी बाजार होते हुए चूड़ी पट्टी एवं पुरानी धर्मशाला होते हुए बनिया टोला चौक तक चलाया गया।
इस दौरान सड़क एवं फुटपाथ पर किए गए अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया तथा अतिक्रमणकारियों को भविष्य में सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई।अभियान के दौरान नगर निगम द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले अतिक्रमणकारियों से कुल ₹39,000 का जुर्माना वसूला गया। नगर आयुक्त संतोष कुमार ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ एवं सुगम यातायात के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।
इस अभियान में नगर निगम के पदाधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। नगर निगम ने नागरिकों एवं दुकानदारों से अपील की है कि वे सार्वजनिक सड़कों एवं फुटपाथों पर अतिक्रमण न करें तथा नगर निगम के नियमों का पालन करते हुए शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग दें। इस दौरान कनीय अभियंता अजय कुमार सिंह, सिटी मैनैजर ज्योति कृष्णमुर्ति, स्वच्छता पदाधिकारी राहुल कुमार, कैलाश चौधरी, नुर अली खान, जेई धर्मेन्द्र कुमार, राजीव चाकी, अमरेंद्र झा, अभिषेक कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।




























