पोठिया के युवक को झाड़-फूंक के बहाने बुलाया, गला रेतकर सिर किया धड़ से अलग, दो दिन में पुलिस ने सुलझाई सनसनीखेज वारदात
किशनगंज/राजेश दुबे
हाल के दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों से अवैध संबंधों के चलते पतियों की हत्या के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कभी प्रेमी के साथ मिलकर हत्या, तो कभी साजिश रचकर रास्ते से हटाने की वारदातें पति पत्नी के रिश्तों पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही हैं। इसी कड़ी में अब किशनगंज जिले से जुड़ा एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के उदगाड़ा निवासी मोहम्मद इमाम की पश्चिम बंगाल के बागडोगरा इलाके में बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि उनकी पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पहले उन्हें झांसे में बुलाया, फिर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए सिर धड़ से अलग कर दिया।
गौरतलब हो कि मंगलवार को बागडोगरा के हंसखोवा चाय बागान के सेक्शन-9 में चाय पत्ती तोड़ रहे मजदूरों को खून से लथपथ सिर कटा शव मिला। सूचना मिलते ही बागडोगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज भेज दिया। शव का सिर गायब होने से मामला और भी रहस्यमय बन गया।
पुलिस ने महज दो दिनों की जांच में इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए मृतक की पत्नी मोमिना बेगम, उसके प्रेमी सुदीप पाल, सुदीप के दो भतीजों निताई पाल और बापी पाल तथा उनके दोस्त कौशिक नाथ को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की पूरी साजिश उगल दी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार और मृतक का कटा हुआ सिर भी बरामद कर लिया। यह बरामदगी फांसीदेवा क्षेत्र के मुंशीबाड़ी गांव की एक सुनसान जगह से हुई, जो शव मिलने वाली जगह से करीब पांच किलोमीटर दूर है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी मोमिना बेगम और सुदीप पाल के बीच पिछले सात वर्षों से विवाहेतर संबंध थे। जब इमाम को इस रिश्ते की भनक लगी और उन्होंने इसका विरोध किया, तो दोनों ने उन्हें हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। योजना को अंजाम देने के लिए सुदीप ने अपने दो भतीजों और एक दोस्त को भी शामिल कर लिया।
बताया जा रहा है कि सोमवार को सुदीप ने किशनगंज में मौजूद इमाम को फोन कर झाड़-फूंक के बहाने करीब 95 किलोमीटर दूर बागडोगरा बुलाया। रात में उनकी निर्मम हत्या कर दी गई और पहचान मिटाने के लिए सिर काटकर अलग स्थान पर फेंक दिया गया।
मृतक के बड़े भाई अख्तर ने बताया कि इमाम पेशे से तांत्रिक थे। दो लोग बाइक पर बैठाकर उन्हें झाड़-फूंक के बहाने ले गए थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और अगले दिन उनका सिर कटा शव मिलने की सूचना मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि मोमिना बेगम और सुदीप पाल के अवैध संबंधों की जानकारी इमाम को हो गई थी, जिसके बाद उनकी हत्या कर दी गई। अख्तर ने बताया कि इमाम और मोमिना की शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी और उनके चार बेटे हैं।
परिजनों ने सभी आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि इस जघन्य हत्याकांड में सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल सके।




























