महानंदा नदी में डूबे इंजिनियरिंग कॉलेज के छात्र का शव हुआ बरामद

SHARE:

किशनगंज/सागर चंद्रा


राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, खाड़ी बस्ती के छात्र शाहील कुमार सहनी का शव रविवार देर रात बरामद कर लिया गया। पूर्णिया जिले के बैसा प्रखंड स्थित अभयपुर घाट के पास से शव बरामद किया गया। पुलिस शव को अपने कब्जे में कर अग्रतर कार्रवाई में जुट गई है।


बताते चलें कि शाहील की संदिग्ध मौत मामले को लेकर टाउन थाने में केस दर्ज किया गया है। मृतक के पिता हृदय कुमार के लिखित शिकायत पर शाहील के तीन दोस्तों के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। मृतक के पिता का कहना है कि गत 8 जुलाई को शाहील अपने साथ पढ़ने वाले दोस्त आदित्य कुमार, शिवराज कुमार गुप्ता और आयुष प्रकाश के साथ गया था।

घटना के बाद दोस्तों ने बताया कि शाहील स्नान करने के दौरान महानंदा नदी में डूब गया है। घटना के बाद शाहील की काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। पूछताछ के दौरान तीनों दोस्त भी अलग अलग बातें बताकर गुमराह करते रहे। जिससे परिजनों का शक उनपर गहरा गया था।

परिजन की लिखित शिकायत पर केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने शाहील के तीनों दोस्त आदित्य कुमार, शिवराज कुमार गुप्ता और आयुष प्रकाश को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि आवश्यक पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया था। लेकिन शव बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। फिलहाल पुलिस की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं। टाउन थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की बारिकी से जांच की जा रही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!