कटिहार—जिले के प्राणपुर प्रखंड के बस्तौल पंचायत में रविवार को पंचायत विकास दिवस के अवसर पर एक विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। पंचायत के मुखिया मो० मोजाहिद आलम की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में स्थानीय विधायक निशा सिंह,जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी,अपर समाहर्ता डा.बिनोद कुमार सहित अन्य जिलास्तरीय अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। विशेष ग्राम सभा में स्थानीय विकास, वित्तीय पारदर्शिता और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत मुखिया के स्वागत संबोधन के साथ हुई।
इसके बाद पिछली ग्राम सभा की कार्यवाही की संवीक्षा की गई।वहीं ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर प्राप्त 15वें वित्त आयोग और ई-पंचायत पोर्टल पर प्राप्त षष्ठम राज्य वित्त आयोग के अनुदान की राशि एवं उनसे क्रियान्वित योजनाओं का लेखा-जोखा भी आमजन के समक्ष रखा गया।
ग्राम सभा के माध्यम से पंचायतवासियों को दोनों आयोग मद से प्राप्त कुल राशि, व्यय तथा शेष बची हुई राशि की विवरणी स्पष्ट रूप से साझा की गई।ग्राम सभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया। स्थानीय सतत विकास लक्ष्यों के विषय-संख्या 8 यानी सुशासन युक्त ग्राम पंचायत विषय पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
इसके तहत पारदर्शी कार्य-संस्कृति, योजनाओं के सटीक चयन और उनके समयबद्ध क्रियान्वयन की रूपरेखा तैयार की गई। इसके अतिरिक्त,सात निश्चय-2 कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना के सफल संचालन और धरातल पर इसकी स्थिति की समीक्षा की गई। तो वहीं प्रधानमंत्री के मन की बात में कही गई बातों को ग्राम पंचायत में लागू करने पर भी चर्चा हुई।
ग्रामीण विकास को गति देने के लिए जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक ने जीविका द्वारा संचालित योजनाओं और इनसे लाभान्वित हो रहे लोगों की जानकारी दी। प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक ने हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर के माध्यम से ग्रामीणों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं से अवगत कराया।
इन तमाम आयोजनों और चयनित योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। सभा में उप विकास आयुक्त अमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रद्युम्न सिंह यादव, उत्पाद अधीक्षक सुभाष सिंह, जिला पंचायत राज पदाधिकारी योगेंद्र प्रसाद, अंचलाधिकारी शिखा कुमारी सहित विभागीय कर्मी,पंचायत प्रतिनिधि व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।























