मुरलीधर झा/दिघलबैंक
प्रखंड क्षेत्र के कोढ़ोबाड़ी थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशानुसार सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और सशस्त्र सीमा बल पलसा की संयुक्त टीम ने दो नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 85.11 ग्राम ब्राउन शुगर तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में मनीष एस माली मगर उम्र 20 वर्ष तथा रमा ढूंगेल उम्र 45 वर्ष को पकड़ा गया। दोनों आरोपी नेपाल के सिंदूली जिले के दुधौली नगरपालिका थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
कोढ़ोबाड़ी थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से नशीले पदार्थ की खेप लाकर इलाके में खपाने की तैयारी है। सूचना के सत्यापन के बाद एसएसबी पलसा कैंप के सहयोग से घेराबंदी कर दोनों तस्करों को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 85.11 ग्राम ब्राउन शुगर और तीन मोबाइल फोन मिले।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध कोढ़ोबाड़ी थाना में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कांड संख्या दर्ज कर ली है। बरामद मोबाइल फोन की जांच से तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की अग्रतर जांच जारी है।


























