बंगाल चुनाव को लेकर सीमावर्ती एरिया में बिहार पुलिस ने भी बनाया चेक पोस्ट
डीएम,एसपी,एसडीएम ले रहे है जायजा
किशनगंज/प्रतिनिधि
पश्चिम बंगाल में होने वाले विधान सभा चुनाव को लेकर सीमावर्ती किशनगंज जिले में भी सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है ।बिहार बंगाल सीमा से गुजरने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है।
निष्पक्ष चुनाव कराए जाने को लेकर भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देश पर किशनगंज पुलिस व प्रशासन भी बंगाल पुलिस को हर संभव सहयोग कर रही है।सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में कुल 10 मिरर चेक पोस्ट बनाए गए है।मिरर चेक पोस्ट बंगाल के चेक पोस्ट के समानांतर है।
एक तरफ जिले की सीमा से सटे बालीचुका में बंगाल पुलिस के द्वारा चेक नाका बनाया गया है। जहां बंगाल के ग्वालपोखर व पंजीपाड़ा ओपी पुलिस के साथ अर्द्धसैनिक बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।जिसमें बिहार की ओर से से आने वाले सभी वाहनों के डिक्की की तलाशी ली जा रही है। वहीं जिले के सीमावर्ती थाना क्षेत्रों के चेक पोस्ट में जांच अभियान चलाते हुए डीएम विशाल राज व एसपी संतोष कुमार ने भी सोमवार को सीमावर्ती चेक पोस्ट का मुआयना किया।डीएम,एसपी व एसडीएम पोठिया प्रखंड अंतर्गत टीपीझाड़ी बिहार-बंगाल चेकपोस्ट पहुंचे।
जहां चेक पोस्ट का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।एसपी संतोष कुमार ने कहा कि किशनगंज जिला सीमावर्ती जिला होने के कारण बंगाल से बिलकुल करीब है।इस कारण सतर्कता अपेक्षित है। सुरक्षा कारणों से 10 मिरर चेक पोस्ट बनाए गए है।
गलगलिया चेक पोस्ट,रामपुर चेक पोस्ट, फ़रिंगगोला चेक पोस्ट और बंगाल सीमा से सटे पिछला सहित 10 चेक पोस्ट में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।बंगाल चुनाव को लेकर सीमा से लगने वाले चेक पोस्टों में विशेष रूप से सतर्कता बरती जानी है।साथ ही चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा।चुनाव की तिथि सामने आते ही चेक पोस्ट की संख्या बढ़ाते हुए सीमा को सील किया जाएगा।





























