कचना थाना में डीएसपी ने की समीक्षात्मक बैठक
पुलिस पदाधिकारियों को दिए अहम दिशा-निर्देश
बारसोई /कटिहार – प्रखंड के कचना थाना परिसर में सोमवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कचना थाना अध्यक्ष आनंद कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान डीएसपी अजय कुमार ने थाना क्षेत्र के लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की और सभी मामलों के शीघ्र निष्पादन का सख्त निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इससे पूर्व डीएसपी अजय कुमार ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बंगाल सीमा से सटे क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सीमा क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा नियमित वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान असामाजिक तत्वों की सक्रियता बढ़ सकती है। इसलिए पुलिस को हर स्तर पर मुस्तैद रहना होगा। बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति को और बेहतर बनाने, गश्ती व्यवस्था को मजबूत करने तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
डीएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।





























