कोढ़ा – जिले के पोठिया पुलिस ने बीते दिनों कार सवार परिवार के साथ हुई लूटपाट की घटना का सफल उदभेदन कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। जबकि घटना में शामिल तीन अन्य विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है।
सदर एसडीपीओ टु रंजन कुमार सिंह ने बताया कि 14 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे वादी आलमगीर अपने परिवार के साथ कार से जा रहे थे। इसी दौरान रंगाकोल मोड़ के पास 3-4 नकाबपोश अपराधियों ने लोहे की रॉड और भाला दिखाकर उनकी गाड़ी रोक ली। अपराधियों ने आलमगीर की कनपटी पर हथियार सटाकर उनका मोबाइल और 19 हजार रुपये नकद लूट लिए थे।
इस हमले में पीड़ित का दाहिना हाथ भी जख्मी हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, कटिहार के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी कर सूरज कुमार महलदार (19) भंगहा निवासी को गिरफ्तार किया।
उसके साथ तीन अन्य नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। मुख्य अभियुक्त सूरज कुमार महलदार का पुराना अपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह पहले भी फलका और पोठिया थाना क्षेत्र में लूट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त पाया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संपर्कों और गतिविधियों की जांच कर रही है ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता किया जा सके।






























