ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह
भारतीय जनता पार्टी ठाकुरगंज इकाई की ओर से प्रसिद्ध श्री हरगौरी मंदिर परिसर में विशेष पूजन-अर्चन कर सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा कर राष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत को नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष बिजली सिंह, नगर अध्यक्ष अतुल सिंह एवं युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमित सिन्हा ने कहा कि जनवरी 1026 में विदेशी आक्रमणकारी महमूद गजनवी द्वारा सोमनाथ मंदिर पर किए गए हमले को 2026 में एक हजार वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। यह मंदिर भारतीय आस्था, सभ्यता और सांस्कृतिक अस्मिता का महान प्रतीक रहा है। इसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को स्मरण करते हुए भाजपा ने इस वर्ष को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर देशभर के प्रमुख शिव मंदिरों में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष पूजन किया जा रहा है। इसी क्रम में ठाकुरगंज के श्री हरगौरी मंदिर में भी भोलेनाथ के उद्घोष के साथ सामूहिक पूजा सम्पन्न हुई।
इस मौके पर नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल, भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्य पार्षद देवकी अग्रवाल, भाजपा वरिष्ठ नेता राजेश करनानी, अनिल महराज, विजय शर्मा, युवा मोर्चा पूर्व जिलाध्यक्ष अमित सिन्हा, पार्षद प्रतिनिधि प्रदीप साह, जदयू युवा प्रदेश महासचिव प्रशांत पटेल, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सन्नी झा, भाजपा नगर महामंत्री चंद्रकांत गौतम सहित जयंत लाहिर, राहुल पासवान, सोमनाथ गांगुली, स्वरूप गांगुली, पंकज जाजोदिया, दीपक सहनी, अभय महतो, रवि मंडल, बिट्टू मंडल समेत दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने एक स्वर में भारत की सांस्कृतिक विरासत की रक्षा और राष्ट्रीय स्वाभिमान को मजबूत करने का संकल्प लिया।



























