कॉमन सर्विस सेंटर का हुआ विधिवत उद्घाटन,आम नागरिकों को होगा लाभ

SHARE:

किशनगंज/पोठिया/राज कुमार

प्रखंड परिसर में मंगलवार को कॉमन सर्विस सेंटर का उद्घाटन किया गया। अंचल अधिकारी मोहित राज और प्रखंड प्रमुख शाद मुबारक अली ने संयुक्त रूप से फीता काटकर सेंटर की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान लोगों में ख़ुशी दिखी, क्योंकि अब अधिकांश सरकारी ऑनलाइन सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी।

सीओ मोहित राज ने कहा कि यह सेंटर बिहार सरकार के राजस्व और भूमि सुधार विभाग की योजना के तहत शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि रैयत और आम नागरिक अब अपने सभी ऑनलाइन आवेदन प्रखंड परिसर में ही कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि सेंटर में प्रशिक्षित ऑपरेटर तैनात रहेंगे। सभी सेवाएं निर्धारित शुल्क पर मिलेंगी। शुल्क का रेट चार्ट दीवार पर चिपका दिया गया है, ताकि किसी से भी अधिक राशि न ली जाए। अधिक राशि लेने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दाखिल खारिज, परिमार्जन, जाति, आय, निवास प्रमाणपत्र, भूमि रसीद, भू लगान, पीएम किसान, वृद्धा पेंशन ई केवाईसी और राशन कार्ड जैसी सेवाएं अब सरल होंगी।


प्रखंड प्रमुख शाद मुबारक अली ने कहा कि आमलोगों से कई बार अधिक शुल्क वसूले जाने की शिकायतें मिलती थीं। नया सेंटर इस समस्या को खत्म करेगा। उन्होंने कहा कि रेट चार्ट से अधिक शुल्क लेने की शिकायत सीधे सीओ या उनसे की जा सकती है। उन्होंने कहा कि पहले लोग साइबर कैफे के भरोसे रहते थे।

अब उन्हें प्रखंड परिसर में ही कम खर्च में सेवा मिलेगी।
सीएससी संचालक मो. रेहसन ने कहा कि सेंटर से आम नागरिकों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी आवेदन समय पर निपटाने का प्रयास किया जाएगा। वही संचालक मो इम्तियाज़ ने कहा कि लोगों को अब अलग अलग स्थानों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि सेवाएं साफ प्रक्रिया के आधार पर दी जाएंगी।


बीस सूत्री सदस्य संजय उपाध्याय ने कहा कि यह पहल ग्रामीणों के लिए उपयोगी है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता बढ़ेगी और लोगों का समय बचेगा। उन्होंने सीओ और प्रमुख की पहल की सराहना की।


उद्घाटन के दौरान प्रखंड और अंचल के कई कर्मी और ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने उम्मीद जताई कि सेंटर शुरू होने से सरकारी सेवाओं का काम पहले से तेज और आसान होगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई