संधि पूजा में 108 दीप प्रज्वलित कर श्रद्धालुओं ने मांगा मन्नत
राजेश दुबे/किशनगंज
सीमावर्ती किशनगंज जिले में शारदीय नवरात्र एवं दुर्गापूजा की धूम मची है। जिले के सातों प्रखंडों में पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सुबह से ही मंदिरों एवं पूजा पंडालों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। शहर के रूईधासा में दुर्गापूजा समिति की ओर से अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित स्वामी नारायण मंदिर की तर्ज पर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया है। आकर्षक पंडाल श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के लिए प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

महागौरी की पूजा-अर्चना, संधि पूजा में उमड़ी भीड़
सोमवार को महाष्टमी के अवसर पर पंडाल में मां दुर्गा के आठवें स्वरूप माता महागौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस अवसर पर संधि पूजा एवं कन्या पूजन का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूजा-अर्चना के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
1982 से हो रहा है पूजा का आयोजन
रूईधासा में वर्ष 1982 से दुर्गापूजा का आयोजन किया जा रहा है। समिति की ओर से यहां बांग्ला पद्धति के अनुसार षष्ठी तिथि को कलश स्थापना के साथ पूजा का शुभारंभ होता है। पूरे विधि-विधान से आयोजित होने वाली पूजा में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। भक्तों के बीच खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है। पूजा के साथ मेले का भी आयोजन किया गया है, जहां लोगों की चहल-पहल बनी हुई है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु, बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं
पूजा के अवसर पर रविवार की शाम समिति की ओर से भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध गायकों की भक्ति प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों की धुन पर भक्त झूमते नजर आए। वहीं, बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से समिति की ओर से तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत चित्रकला एवं क्विज प्रतियोगिता समेत कई अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
समिति के सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे
दुर्गापूजा के सफल आयोजन में संरक्षक राजेश दुबे, अध्यक्ष धनंजय जायसवाल, सचिव कुंदन सिंह, स्वागत अध्यक्ष गौरव सिंह, उपाध्यक्ष संजय सिंह एवं कुणाल सिंह तथा कोषाध्यक्ष सुशील झा सहित पवन सिंह, विजय राय,सपन सिंह,चन्द्र शेखर यादव,प्रकाश राय, मुकेश ओझा, सुरोजित दास, अभिषेक, मोनू, शिवम, बंटी, जॉय, आनंद, सौरभ, अमित और गौतम समेत समिति के अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।