निसार अहमद/बहादुरगंज (किशनगंज)
प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को जन्माष्टमी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना के बाद आयोजकों द्वारा दही हांडी व नारियल लूट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर बहादुरगंज बसाक टोला स्थित कृष्ण मंदिर, झिलझिली पंचायत के रहमानगंज पूरब टोला सहित अन्य गांव में धूमधाम से जन्माष्टमी मनाया गया जहां शुक्रवार की संध्या ही श्रद्धालुओं ने राधा कृष्ण के प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के साथ पूजा अर्चना की एवं दूसरे दिन दही हांडी व नारियल लूट प्रतियोगिता कार्यक्रम के तहत खेल का प्रदर्शन किया।
परंपरा के तहत आयोजकों के द्वारा मिट्टी पानी में नारियल लूट खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जहां खिलाड़ियों ने नारियल लूट खेल का प्रदर्शन किया। इस दौरान कई प्रकार के प्रतियोगिता जैसे बांस के खंभे में चढ़ कर दही हांडी फोड़ना, कीचड़ में टोली बनाकर नारियल लूट सहित अन्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जहां विजेता तथा उप विजेता खिलाड़ियों के बीच पुरस्कार का वितरण किया गया।
अंत में प्रतिमा विसर्जन के साथ अनुष्ठान का समापन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बहादुरगंज नगर पंचायत स्थित श्री कृष्ण मंदिर बसाक टोली, रहमानगंज, गोपालपुर, कुढ़ेला, बनगामा सहित कई स्थानों पर किया गया। जन्माष्टमी के दौरान भक्ति गीत से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।