न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

शिक्षक दिवस पर शिक्षा मंत्री ने बिहार के करीब छह लाख शिक्षकों को भेजा पत्र….कहा शिक्षक ही बिहार के भविष्य के निर्माता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध

प्रतिनिधि/किशनगंज

शिक्षक दिवस के अवसर पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने प्रदेश के करीब छह लाख शिक्षकों के नाम विशेष पत्र जारी कर उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं. 5 सितंबर को जारी पत्र में शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों को समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उनके योगदान को नमन किया. उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने वाला, संस्कारों का संवाहक, व्यक्तित्व का निर्माता और राष्ट्र निर्माण का प्रथम शिल्पकार होता है.

शिक्षा मंत्री ने अपने पत्र की शुरुआत भारतीय संस्कृति में गुरु के सर्वोच्च स्थान का उल्लेख करते हुए की.उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति और महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की पावन स्मृति को नमन करते हुए कहा कि शिक्षक दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि कृतज्ञता, सम्मान और आत्ममंथन का अवसर है.

बिहार की ज्ञान परंपरा का किया उल्लेख

मंत्री ने बिहार की ऐतिहासिक ज्ञान परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार केवल एक भौगोलिक प्रदेश नहीं, बल्कि भारत की महान ज्ञान परंपरा की भूमि है. इस धरती ने सदियों से शिक्षा, दर्शन, अध्यात्म और ज्ञान की दिशा में पूरी दुनिया को प्रेरित किया है.उन्होंने नालंदा और प्राचीन शिक्षा परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि देश-विदेश से विद्यार्थी यहां ज्ञान अर्जित करने आते थे और नालंदा ने बिहार को विश्वस्तरीय शिक्षा एवं ज्ञान का केंद्र बनाया.

पत्र में उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि नालंदा की उसी ज्ञान-परंपरा को आधुनिक युग की जरूरतों के अनुरूप फिर से स्थापित किया जाए.इसके लिए बिहार में ऐसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था विकसित करने की जरूरत है, जिसमें ज्ञान के साथ संस्कार, विज्ञान के साथ विवेक, तकनीक के साथ मानवीय संवेदना और आधुनिकता के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा की गहराई भी शामिल हो.

शिक्षक को बताया भविष्य का निर्माता

शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों को बिहार के भविष्य का निर्माता बताते हुए कहा कि प्रत्येक शिक्षक की सबसे बड़ी उपलब्धि तब है, जब वह अपने विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें सही दिशा दे, उनके भीतर आत्मविश्वास जगाए और उनके सपनों को उड़ान देने में सहयोग करे.

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केवल विषय का ज्ञान ही नहीं, बल्कि शिक्षक के व्यवहार, विचार, अनुशासन, संवेदनशीलता और व्यक्तित्व से भी सीखते हैं. इसलिए शिक्षक का प्रत्येक शब्द, कर्म और व्यवहार विद्यार्थियों के जीवन पर स्थायी प्रभाव डालता है.

विकसित भारत 2047 में शिक्षा की अहम भूमिका

पत्र में ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण में शिक्षा को केंद्रीय भूमिका प्रदान की है। ज्ञान, नवाचार, कौशल, अनुसंधान और मानवीय मूल्यों के आधार पर भारत को विश्व का नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बनाने के लिए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना आवश्यक है.

उन्होंने कहा कि बिहार के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा मिले, इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है.विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा, विज्ञान-गणित और तकनीक के प्रति रुचि, कौशल एवं व्यावसायिक शिक्षा तथा भारतीय ज्ञान परंपरा और संस्कारों से जुड़ाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा.

पत्र के अंत में शिक्षा मंत्री ने बिहार के सभी शिक्षकों को मान-सम्मान, गरिमा और उनकी आवश्यकताओं के प्रति सरकार की संवेदनशीलता का भरोसा दिलाते हुए शिक्षक दिवस पर मिलकर शिक्षा के क्षेत्र में नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया.

Share this news

Leave a Comment