विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
प्रखंड क्षेत्र के खनियाबाद पंचायत स्थित सामुदायिक भवन में गुरुवार को श्री गुरु संत रविदास जी की जयंती के अवसर पर शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से पहुंचे ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया तथा संबंधित विभागों के माध्यम से कई समस्याओं के समाधान का प्रयास किया गया। शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार एवं प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा सहित संबंधित कर्मी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने शिक्षा, सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों समेत विभिन्न समस्याओं से पदाधिकारियों को अवगत कराया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने कहा कि शिविर का उद्देश्य पंचायत क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनना और उनका यथासंभव त्वरित निष्पादन करना है। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने अथवा किसी प्रकार की समस्या होने पर पंचायत स्तर पर आयोजित ऐसे शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्या दर्ज कराएं, ताकि उसका समय पर समाधान किया जा सके।
शिविर में ग्रामीणों की उपस्थिति रही और लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की।