बीएमसी वार्ड 151 की सबसे कम उम्र की नगरसेविका काशिश फुलवारिया से हुई महत्वपूर्ण मुलाकात
मुंबई : अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के सामाजिक सरोकार से जुड़े दो महत्वपूर्ण अभियानों “Vision for Visionless 2.0” एवं “Mega Blood Donation Drive (MBDD)” को लेकर तेरापंथ युवक परिषद् (तेयुप), चेंबूर की टीम ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के वार्ड क्रमांक 151 की सबसे कम उम्र की नगरसेविका कु. काशिश फुलवारिया से मुलाकात की।
नगरसेविका काशिश फुलवारिया ने परिषद् के प्रतिनिधियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस दौरान तेयुप चेंबूर के मंत्री कपिल मेहता ने दोनों सामाजिक अभियानों की विस्तृत जानकारी देते हुए इनके उद्देश्यों और जनहित में महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने Vision for Visionless 2.0 के तहत नेत्रदान की महत्ता बताते हुए कहा कि नेत्रदान से जरूरतमंद लोगों के जीवन में रोशनी लौटाई जा सकती है। वहीं, Mega Blood Donation Drive के माध्यम से रक्तदान को मानव सेवा का प्रभावी माध्यम बताते हुए अधिकाधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
पूर्व नगरसेवक राजेश फुलवारिया एवं नगरसेविका काशिश फुलवारिया ने दोनों अभियानों की जानकारी रुचिपूर्वक सुनी और नेत्रदान एवं रक्तदान जैसे जनकल्याणकारी कार्यों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में सहयोग का भरोसा दिलाया।
तेयुप चेंबूर के मीडिया प्रभारी निलेश राठौड़ ने सामाजिक समन्वय को मजबूत करने तथा दोनों अभियानों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने को लेकर विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास से जनसेवा के ऐसे अभियानों को नई गति मिल सकती है।
मुलाकात के दौरान भविष्य में आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ नेत्रदान और रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर सहमति बनी। यह भेंट मानव सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण की दिशा में एक सकारात्मक पहल साबित हुई।