श्रावणी मेला,चहल्लुम और साध्वी ऋतंभरा के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, ठाकुरगंज थाना में शांति समिति की बैठक

SHARE:

ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह

आगामी श्रावणी मेला, चहल्लुम तथा साध्वी ऋतंभरा के प्रस्तावित आगमन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को ठाकुरगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ मनोज सिंह ने की, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा शांति समिति के सदस्यों ने भाग लेकर विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

बैठक के दौरान प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक चलेगा, जबकि चहल्लुम का आयोजन 5 एवं 6 अगस्त को होगा। इन आयोजनों के मद्देनज़र कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की रणनीति तैयार की गई।

साध्वी ऋतंभरा के प्रस्तावित दौरे को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग तथा आवश्यक होने पर रूट डायवर्जन की विस्तृत कार्ययोजना पर मंथन किया, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

प्रशासन ने संबंधित विभागों को पर्व-त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी आयोजनों के दौरान प्रशासनिक समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

एसडीपीओ मनोज सिंह ने उपस्थित लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि ठाकुरगंज की आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी संस्कृति की पहचान को बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है।

बैठक में अंचलाधिकारी मृत्युंजय कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार पंत एवं थानाध्यक्ष अंजय अमन सहित मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल, वार्ड आयुक्त अमित सिन्हा, पूर्व मुख्य पार्षद देवकी अग्रवाल, शौकत अली, सलीमुद्दीन, मोहम्मद नूर, मो. निजामुद्दीन, मो. शाहिद, मो. तहसीन रजा, कन्हैया महतो, दीनानाथ पांडे, कौशल किशोर यादव तथा शांति समिति के अन्य सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का भरोसा दिलाया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!