संयुक्त छापेमारी में मिनी फैक्ट्री का खुलासा
मिट्टी में दबाकर रखी थी दोनाली बंदूक व कट्टे, लेथ मशीन समेत हथियार बनाने का सामान जब्त
बरारी /कटिहार – बरारी थाना क्षेत्र में अवैध हथियार निर्माण के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। वेल्डिंग की दुकान की आड़ में संचालित मिनी गन फैक्ट्री पर शुक्रवार तड़के बरारी पुलिस, एसटीएफ और डीआईयू की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में हथियार व निर्माण सामग्री बरामद की। कार्रवाई में कजरा निवासी मो. रजाउल अंसारी को गिरफ्तार किया गया।
मौके से एक देशी दोनाली राइफल, चार देसी कट्टे, एक अर्धनिर्मित कट्टा, लेथ मशीन और हथियार बनाने में प्रयुक्त कई उपकरण जब्त किए गए। गुप्त सूचना के बाद तड़के 3:15 बजे हुई कार्रवाई, भागते आरोपित को दबोचा।सदर-2 के एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा ने प्रेसवार्ता में बताया कि बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार को सूचना मिली थी कि बलुआ-कलिकापुर मार्ग पर सुजापुर चौक से करीब 600 मीटर दूर एक टीन के मकान में वेल्डिंग की दुकान की आड़ में अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बरारी पुलिस,एसटीएफ और डीआईयू की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। थानाध्यक्ष सुमेश कुमार और एसटीएफ प्रभारी भागवत कुमार पासवान के नेतृत्व में शुक्रवार तड़के 3:15 बजे छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही मो. रजाउल अंसारी भागने लगा। लेकिन जवानों ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।जमीन की खुदाई में मिले दो बोरे, हथियार तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू
पूछताछ और तलाशी के दौरान मिले सुराग पर कमरे की जमीन खुदवाई गई।
मिट्टी के नीचे छिपाकर रखे गए दो बोरों से एक देसी दोनाली राइफल, चार देसी कट्टे और एक अर्धनिर्मित कट्टा बरामद हुआ। वहीं लेथ मशीन, बैरल, ट्रिगर, हैमर, बॉडी, खोखा, फर्मा और मोबाइल समेत हथियार निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामान भी जब्त किया गया। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि अब तक कितने हथियार बनाए गए, उनकी सप्लाई किन क्षेत्रों में हुई और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी में पुअनि राजनेता कुमार, विद्यासागर प्रसाद, अमन कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।























