आजाद ही रहे हैं, आजाद ही रहेंगे के जयघोष की गूंज, युवाओं ने ली राष्ट्रभक्ति की शपथ.
कटिहार-महान स्वतंत्रता सेनानी एवं अदम्य साहस के पर्याय अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती नगर भवन में पूरी भव्यता और राष्ट्रभक्ति के जज्बे के साथ मनाई गई। लोकमंच और सर्व ब्राह्मण समाज कटिहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में जिले भर से हजारों की संख्या में
ब्राह्मण समाज के प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए।

आयोजन में लोगों ने अमर शहीद माॅ भारती के पुत्र को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।वहीं समाज के सामाजिक और सांस्कृतिक एकजुटता का शंखनाद भी किया। वक्ताओं ने भारतीय स्वाधीनता संग्राम के अमर सिपाही के जीवन मूल्यों, उनके उच्च आदर्शों और मातृभूमि के प्रति असीम भक्ति को याद किया।
चंद्रशेखर आजाद की वह त्याग भावना समाज के हर वर्ग के विशेषकर युवाओं में एक नई ऊर्जा का संचार किया। चंद्रशेखर आजाद के दिये नारे-दुश्मन की गोलियों का हम सामना करेंगे, लेकिन आजाद रहे हैं,आजाद ही रहेंगे के उद्घोष से पूरा नगर भवन गूंज उठा। मौके पर वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि आयोजन केवल जयंती मनाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज को एक सूत्र में पिरोने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने में भी अपनी सशक्त भूमिका निभाएगा।
आशीष झा उर्फ बब्बू ने समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि हमें देश और समाज के हित में अपने पूर्वजों के निःस्वार्थ योगदान को नहीं भूलना चाहिए। यह समारोह संगठन को नई ऊर्जा और समाज को नई दिशा देने में पूरी तरह सफल रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के क्रांतिकारी विचारों और उनके त्याग को आज की नई पीढ़ी तक पहुंचाना था।
नवीन चंद्र झा की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह की शुरुआत चंद्रशेखर आजाद के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और विद्वान पंडितों द्वारा सस्वर स्वस्तिवाचन के साथ पारंपरिक तरीके से हुआ।मंचासीन प्रबुद्धजनों ने आजाद के जीवन संघर्षों पर प्रकाश डाला। समारोह में सिर्फ वैचारिक गोष्ठी ही नहीं हुई, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी शानदार प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर मौजूद सैकड़ों युवाओं ने मातृभूमि की रक्षा और राष्ट्रभक्ति की शपथ भी ली। मंच संचालन महेंद्र झा ने किया।
जिले के कई शिक्षाविदों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी इस ऐतिहासिक आयोजन में सम्मिलित हुए।चंद्रभूषण ठाकुर, ध्रुव चंद्र झा, बबन झा, डाॅ. आशुतोष झा, डाॅ. के.के मिश्रा, रीना झा और डाॅ. रंजना झा,विकास चंद्र ठाकुर,राजेश रंजन मिश्रा आदि चंद्रशेखर आजाद के जीवनी को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत कहा।उन्होंने कहा ऐसे आयोजन से नई पीढ़ी में देशभक्ति जागृत करने के लिए काफी होता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के गौरव कश्यप, टनटन ठाकुर, रितेश झा, रत्नाकर झा,रवि झा, सज्जन राय सहित अन्य की भूमिका सराहनीय रही।























