51वें स्थापना वर्ष पर विशेष पूजा, हवन व भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
चंडीगढ़ : कायस्थ सभा चंडीगढ़ द्वारा इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित शिव मानस मंदिर में भगवान श्री चित्रगुप्त जी की मूर्ति स्थापना दिवस श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस वर्ष मूर्ति स्थापना पूजा के 51वें वर्ष के उपलक्ष्य में विशेष धार्मिक समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोगों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण, भजन-कीर्तन एवं हवन-पूजन से हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री चित्रगुप्त जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
कायस्थ सभा चंडीगढ़ के अध्यक्ष टी. पी. श्रीवास्तव ने बताया कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी की मूर्ति स्थापना के बाद से पिछले 50 वर्षों से निरंतर पूजा-अर्चना की परंपरा निभाई जा रही है। 51वें स्थापना वर्ष के अवसर पर विशेष पूजा, धार्मिक अनुष्ठान एवं सामूहिक आयोजन किए गए, जिनमें समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया तथा विशाल सामूहिक लंगर का आयोजन किया गया। यह लंगर केवल समारोह में शामिल श्रद्धालुओं के लिए ही नहीं, बल्कि आमजन के लिए भी खुला रहा, जिसमें लगभग 500 लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
समारोह में अध्यक्ष टी. पी. श्रीवास्तव के अलावा बी. के. श्रीवास्तव, मृदुला श्रीवास्तव, विजेश सिन्हा, एस. पी. श्रीवास्तव, सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस बी. के. श्रीवास्तव, सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईपीएस पी. लाल, आलोक श्रीवास्तव, अंजलि श्रीवास्तव, चंद्रशेखर श्रीवास्तव, संजीव कुमार, मनीष निगम, आर. के. शिकोरिया सहित कायस्थ समाज के अनेक गणमान्य सदस्य एवं चित्रांश परिवारों के लोग उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री चित्रगुप्त जी का आशीर्वाद प्राप्त कर समाज की एकता, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया।






















