त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश
कटिहार – नगर निगम कटिहार के प्रशाल भवन में गुरुवार को नगर आयुक्त संतोष कुमार की अध्यक्षता में सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन एवं प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने विभिन्न प्रशाखाओं में लंबित एवं निष्पादित आवेदनों की विस्तार से समीक्षा की तथा संबंधित शाखा प्रभारियों को सभी आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, इसलिए किसी भी आवेदन का अनावश्यक लंबित रहना स्वीकार्य नहीं होगा।नगर आयुक्त संतोष कुमार ने सभी शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।बैठक में नगर निगम की सभी प्रशाखाओं के प्रभारी पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






















