संभावित बाढ़ से निपटने के लिए ग्रामीणों को दिया गया प्रशिक्षण

SHARE:

अमदाबाद/कटिहार – संभावित बाढ़ के खतरे के मद्देनजर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। डीएम के निर्देश पर बुधवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रौद्योगिकी केंद्र परिसर में नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के लिए आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें सीओ हिंदुजा भारती,मुख्य पार्षद बबलू मंडल,प्रमुख प्रतिनिधि मो.अजहरूद्दीन समेत अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

मास्टर ट्रेनरों ने बाढ़ के दौरान घबराने के बजाय धैर्य और समझदारी से काम लेने की सलाह दी। उन्होंने लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचने, डूब रहे व्यक्ति को रस्सी, बांस, ट्यूब अथवा अन्य स्थानीय साधनों की मदद से बचाने, प्राथमिक उपचार देने तथा बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को पहले सुरक्षित निकालने के तरीके बताए।

साथ ही तेज बहाव वाले पानी से दूर रहने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और हर परिस्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।मास्टर ट्रेनर अंजली कुमारी ने बताया कि संभावित बाढ़ को लेकर प्रखंड स्तर पर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ताकि आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य त्वरित और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।

वही मुख्य पार्षद ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा से बचाव के लिए पहले से जागरूक होना जरूरी है। इस तरह का प्रशिक्षण लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित होगा। प्रमुख प्रतिनिधि ने कहा कि प्रशिक्षण से लोगों को बाढ़ के समय क्या करना है और क्या नहीं करना है। इसकी सही जानकारी मिली है। इससे आपदा के समय जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।

बाढ़ के दौरान प्रखंड के नगर पंचायत सहित 12 ग्राम पंचायतों में पानी प्रवेश कर जाता है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो जाता है। पिछले वर्ष बाढ़ के पानी में डूबने से आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत हुई थी। इसे देखते हुए प्रशासन लोगों को आपदा से बचाव के प्रति जागरूक करने में जुटा है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!