अमदाबाद /कटिहार – नगर पंचायत के मायामारी गांव में पिछले कुछ दिनों से महानंदा नदी में लगातार हो रहे कटाव से ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल है।कटाव धीरे-धीरे गांव की ओर बढ़ने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। गुरुवार को नगर पंचायत के मुख्य पार्षद बबलू मंडल एवं पार्षद प्रतिनिधि संजार ने कटाव स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पार्षद ने अनुमंडल पदाधिकारी मनिहारी से दूरभाष पर बातचीत कर अविलंब कटावरोधी कार्य शुरू कराने का आग्रह किया।मुख्य पार्षद बबलू मंडल ने कहा कि यदि समय रहते कटावरोधी कार्य शुरू नहीं कराया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
उन्होंने जिला पदाधिकारी कटिहार से भी शीघ्र कटावरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की। इधर महानंदा नदी के कनीय अभियंता विमल प्रसाद ने बताया कि गुरुवार को कटाव स्थल का निरीक्षण किया गया है। शुक्रवार को वरीय अधिकारियों द्वारा स्थल का निरीक्षण किया जाएगा।उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान महानंदा नदी के जलस्तर में एक सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है।






















