समाहरणालय की बढ़ाई गई सुरक्षा, क्यूआरटी बल तैनात
प्रभारी एसपी ने अपवाह पर ध्यान न देने की की अपील
संवाददाता/किशनगंज
पटना सहित बिहार के विभिन्न जिलों में जारी छात्र आंदोलन और प्रदर्शनों के मद्देनजर जिले में भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। किसी भी संभावित विरोध-प्रदर्शन या शांति भंग की स्थिति से निपटने के लिए जिला मुख्यालय सहित संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
एहतियात के तौर पर समाहरणालय परिसर की सुरक्षा विशेष रूप से बढ़ा दी गई है। गुरुवार को समाहरणालय परिसर और इसके आसपास के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ-साथ क्विक रिस्पांस टीम की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा किशनगंज पुलिस की ओर से सुरक्षा बलों को मुस्तैद रहने और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए प्रभारी एसपी हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि राज्य के अन्य जिलों में चल रहे आंदोलन को देखते हुए जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना हमारी पहली प्राथमिकता है।
एहतियातन सभी महत्वपूर्ण प्रशासनिक भवनों की सुरक्षा बढ़ाई गई है और पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है। जिले के सभी थानाध्यक्षों को सतर्कता को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है।शांति व्यवस्था में खलल डालने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
प्रशासनिक स्तर पर भी जिले के आम लोगों और युवाओं से शांति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है ताकि आमजन को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रहे।




















