KatiharNews:जिले के 16 पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, डीएम ने लिया जायजा

SHARE:

30 दिनों में शिकायतों के निपटारे का निर्देश

कटिहार – मंगलवार को जिले के सभी प्रखंडों की कुल 16 पंचायतों में विशेष शिविरों का सफल आयोजन किया गया। सरकार आपके द्वार की अवधारणा को धरातल पर उतारने के इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित तथा समयबद्ध समाधान करना है। इसको लेकर जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कोढ़ा प्रखंड के विनोदपुर पंचायत में आयोजित शिविर का खुद निरीक्षण किया और वहां मौजूद आम जनता से सीधा संवाद स्थापित किया।

इस दौरान डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों और आवेदनों का निष्पादन अनिवार्य रूप से 30 दिनों के भीतर किया जाना चाहिए। तय समय-सीमा के अंदर मामलों का निपटारा न करने वाले संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के “सात निश्चय-3” के तहत “सबका सम्मान, जीवन आसान” के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रशासन अब सीधे पंचायत स्तर पर पहुंच रहा है।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे कार्यालयों के चक्कर काटने के बजाय इन शिविरों में अपनी शिकायतें दर्ज कराएं। साथ ही, नागरिक सहयोग पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करने और उसकी स्थिति की मॉनिटरिंग करने की सुविधा की भी जानकारी दी गई।

शिविर के दौरान राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खाद्य आपूर्ति, ग्रामीण विकास, विद्युत और पीएचईडी समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया गया। इस मौके पर जिला पदाधिकारी द्वारा कई योग्य लाभुकों के बीच जन्म प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड, निःशक्तता प्रमाण-पत्र और प्रपत्र 7 पर्चा का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सहित जिले के कई वरीय अधिकारी, प्रखंडों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!