किशनगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 85 मवेशी बरामद, सात अंतरजिला पशु तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

संवाददाता/किशनगंज

जिले में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किशनगंज पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कोचाधामन थाना क्षेत्र में एनएच-327 ई पर छापेमारी कर 85 मवेशियों को बरामद किया तथा सात अंतरजिला पशु तस्करों को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम ने कोचाधामन थाना पुलिस के सहयोग से अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दो पिकअप वैन और एक डीसीएम कंटेनर वाहन की जांच की गई। इनमें से दो पिकअप वैन से 29 तथा डीसीएम कंटेनर से 56 मवेशी बरामद किए गए। इस तरह कुल 85 मवेशियों को अवैध तस्करी से मुक्त कराया गया।


छापेमारी के दौरान तीन वाहनों से कुल सात तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद मवेशियों को नालंदा, नवगछिया और सुपौल से लाकर किशनगंज जिले के अर्राबाड़ी और पोठिया थाना क्षेत्र स्थित बूचड़खानों तक ले जाया जा रहा था। आरोपियों से पशुओं की खरीद-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। साथ ही वाहनों में क्षमता से अधिक पशुओं को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाया जा रहा था।


गिरफ्तार आरोपियों में नालंदा, भागलपुर, नवगछिया, कटिहार और अररिया जिले के निवासी शामिल हैं।इस सम्बन्ध में कोचाधामन थाना में पशु क्रूरता अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!