जनता के मुद्दों पर सरकार जवाब दे-तारिक

SHARE:

बिजली,बाढ़, राम मंदिर और राष्ट्रीय सुरक्षा पर सांसद तारिक अनवर का बड़ा हमला

बिजली आपूर्ति सुधारने और गंगा कटाव रोकने के दिए निर्देश राम मंदिर मामले में निष्पक्ष जांच की मांग

कटिहार- सांसद तारिक अनवर ने जिले में बिजली आपूर्ति, संभावित बाढ़,गंगा कटाव, राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी, बांकेपुर विधानसभा उपचुनाव और कोढ़ा से जुड़े आतंकी नेटवर्क के मामले पर एक साथ बड़ा बयान दिया।

उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से काम करना चाहिए और कानून के मामले में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। सांसद ने बिजली आपूर्ति की समस्याओं को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों से कम वोल्टेज, बार-बार बिजली बाधित होने और लंबे समय तक बिजली नहीं रहने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया है, जिसमें सांसद सदस्य और जिला पदाधिकारी सचिव होंगे। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य की बढ़ती मांग को देखते हुए निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बाढ़ और गंगा कटाव के मुद्दे पर सांसद ने मनिहारी प्रखंड की धुरियाही पंचायत में हुए अपने निरीक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि गंगा कटाव से किसानों की कृषि भूमि लगातार नदी में समा रही है और कई गांवों का अस्तित्व खतरे में है। उन्होंने फ्लड कंट्रोल एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कटाव निरोधी कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा समय रहते सभी सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि हर वर्ष बाढ़ आने के बाद तैयारी करने के बजाय पहले से ठोस योजना बनाकर कार्य करना जरूरी है। राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले पर सांसद ने कहा कि प्रभु श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक केवल कमजोर लोगों पर कार्रवाई हुई है। जबकि पूरे मामले में बड़े लोगों तक जांच नहीं पहुंची है। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

उनके अनुसार यह मामला अब राष्ट्रीय महत्व का विषय बन चुका है। बांकेपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सांसद ने कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ महागठबंधन के साथ खड़ी है और राजद उम्मीदवार के समर्थन में कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरी ताकत से चुनाव प्रचार करेंगे। कोढ़ा क्षेत्र से हाल में पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क की मदद करने के आरोप में हुई गिरफ्तारी पर सांसद ने कहा कि देशद्रोह जैसे मामलों में किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जानी चाहिए।

उन्होंने कहा, “जो भी देशद्रोह के मामले में शामिल होगा, उसके खिलाफ बिना जाति और धर्म देखे कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सांसद के इन बयानों से जिले के स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ राज्य और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े कई विषयों पर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मौके पर सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव, दिलीप विश्वास, अवधेश मंडल,शाहनवाज खान,डॉ० विपीन कुमार, सुबोध यादव इम्तियाज उल हक सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे ।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!