पारदर्शी तबादला प्रक्रिया: मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने एक क्लिक में बदली 3,268 कर्मचारियों की पोस्टिंग
पटना: राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में बड़े पैमाने पर तबादला प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ रैण्डमाइज्ड कंप्यूटर सिस्टम के माध्यम से संपन्न किया गया। विभागीय मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कुल 3,268 राजस्व कर्मचारियों के स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी कर स्थानांतरण आदेश जारी किया।
स्थानांतरित कर्मचारियों में 3,142 पुरुष एवं 126 महिला कर्मचारी शामिल हैं। विभाग द्वारा कर्मचारियों की वरीयताओं को प्राथमिकता देते हुए पदस्थापन किया गया। इनमें 1,712 पुरुष और 108 महिला, यानी कुल 1,820 कर्मचारियों को उनकी प्रथम वरीयता (फर्स्ट चॉइस) के अनुसार पदस्थापित किया गया।
इसके अलावा 380 कर्मचारियों को उनकी द्वितीय वरीयता (सेकंड चॉइस) तथा 141 कर्मचारियों को तृतीय वरीयता (थर्ड चॉइस) के आधार पर पदस्थापन दिया गया। इस प्रकार कुल 2,341 राजस्व कर्मचारियों की पोस्टिंग उनकी पसंद के अनुरूप की गई।
विभाग ने कर्मचारियों की पारिवारिक एवं सामाजिक परिस्थितियों का भी ध्यान रखा। इसी क्रम में 880 राजस्व कर्मचारियों की पोस्टिंग उनके गृह जिले से सटे (पड़ोसी) जिले में की गई है।
इस अवसर पर विभाग के सचिव श्री जय सिंह, अपर सचिव श्री आजीव वत्सराज, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री अनुपम प्रकाश, आईटी मैनेजर श्री आनंद शंकर सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह स्थानांतरण प्रक्रिया रैण्डमाइज्ड कंप्यूटर सिस्टम के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई, जिससे पदस्थापन में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।



















