किशनगंज/प्रतिनिधि
किशनगंज में पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद चोरी की घटनाओं पर विराम नहीं लग रहा है।ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन के समीप का है। जहां किराये के मकान में रह रही तीन महिला सिपाहियों के घर में चोरी की घटना घटित हुई है। बदमाशों ने मकान के मुख्य दरवाजे समेत कई कमरों की कुंडियां काटकर सोने-चांदी के जेवर और नकदी की चोरी कर ली।
पीड़ित सिपाही अनुप्रिया, जो वर्तमान में लोक शिकायत निवारण कोषांग में कार्यरत हैं, ने सदर थाना में आवेदन देकर मामले की प्राथमिकी दर्ज कराई है।दर्ज प्राथमिकी के अनुसार वह घोड़ामारा में किराये के मकान में रहती हैं।12 जुलाई को उनके पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि मकान के दरवाजे की कुंडी कटी हुई है।
सूचना मिलने के बाद जब वह वापस पहुंचीं तो देखा कि मुख्य दरवाजे के अलावा अन्य कमरों की कुंडियां भी काटी गई थीं और घर का सामान बिखरा पड़ा था। उनके साथ दो अन्य महिला कर्मी भी उसी मकान में रहती हैं। घटना के समय दो महिला महिला सिपाही अवकाश पर अपने घर गई थीं।एक महिला सिपाही का दूसरी जगह ट्रांसफर हो गया है।
मकान खाली रहने का फायदा उठाकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।चोरी गए सामान में करीब 10 ग्राम सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, लगभग 35 ग्राम वजन के दो जोड़ी चांदी के पायल, चांदी के सिक्के तथा दो हजार रुपये नकद शामिल हैं।पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस लाइन के नजदीक महिला सिपाहियों के घर में हुई चोरी की इस घटना ने स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है। लोगों का कहना है कि जब पुलिसकर्मियों के आवास भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है।




















