किशनगंज:500 मीटर कीचड़ भरी सड़क से परेशान बिरनाबाड़ी के ग्रामीण, जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप

SHARE:

संवाददाता:अब्दुल जब्बार

ठाकुरगंज प्रखंड की चुरली पंचायत के वार्ड संख्या-4 स्थित बिरनाबाड़ी गांव में करीब 500 मीटर सड़क कीचड़ में तब्दील होने से लगभग 35 परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि यह गांव का मुख्य संपर्क मार्ग है, जो बारिश में पूरी तरह कीचड़मय हो जाता है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों का आवागमन सबसे अधिक प्रभावित होता है।


ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय विकास के वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में गांव की समस्याओं की अनदेखी कर दी जाती है। उनका कहना है कि आबादी वाले हिस्से में सड़क नहीं बनाई गई, जबकि खेतों के बीच सड़क का निर्माण कर दिया गया। ग्रामीणों ने जल्द सड़क निर्माण की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर जनप्रतिनिधियों से जवाब मांगा जाएगा।


वार्ड सदस्य प्रतिनिधि बाउद्दीन ने बताया कि सड़क पहले विवादित थी। विवाद खत्म होने के बावजूद निर्माण शुरू नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि निजी खर्च से मिट्टी भराई कराई गई और कई बार आवेदन भी दिया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!