संवाददाता: अरुण कुमार
अररिया जिले के भरगामा थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन महिलाएं घायल है ।मिली जानकारी के मुताबिक महिलाएं ट्रैक्टर पर बैठ कर धान रोपनी के लिए जा रही थी ।
जहां ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया । दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।घटना रघुनाथपुर उत्तर मौजा स्थित सिरसिया हनुमानगंज पंचायत के वार्ड संख्या-14 के समीप परिहारी वितरणी नहर के पश्चिमी किनारे की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।ट्रैक्टर के नीचे महिलाएं दब गई ।दुर्घटना स्थल पर ही दो महिलाओं की मौत हो गई।जबकि एक की मौत अस्पताल ले जाने के दौरान हुई।
मृतकों की पहचान मीरा देवी (पति बबलू मंडल), नैया देवी (पति कारी मंडल) और रंजू देवी (पति किशोर मंडल) के रूप में हुई है ।वही घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद भरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है और अग्रतर कार्रवाई में जुटी हुई है । ट्रैफिक डीएसपी तरुण कुमार पांडे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और विधि सम्मत कारवाई की जाएगी।घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे इलाके में शोक का माहौल है.



















