निर्माणाधीन सड़क के मजदूर पर नाबालिग को भगाने का आरोप, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

SHARE:

ठाकुरगंज /किशनगंज/मो मुर्तुजा

ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत जिरनगच्छ पंचायत के झरुवाडां गांव के समीप निर्माणाधीन सड़क परियोजना में कार्यरत एक मजदूर द्वारा 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को लेकर फरार होने के बाद ग्रामीण और परिजन आक्रोशित हो उठे और निर्माण स्थल पर जमकर विरोध किया। घटना की जानकारी जंगल में लगी आग के तरह फैलते ही क्षेत्र वासियों में आक्रोश व्याप्त हैं। आदिवासी समाज के लोगों ने निर्माण स्थल के सामने बैठकर नाबालिग की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

सूचना मिलते ही ठाकुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं पीड़िता के परिजनों ने ठाकुरगंज थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

वार्ड सदस्य दिनेश कुमार हेमरम ने कहा कि समाज की बेटियां लगातार असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नाबालिग को जल्द सकुशल बरामद नहीं किया गया तो आदिवासी समाज बड़े पैमाने पर आंदोलन करेगा।

साहेब मरांडी ने कहा कि लड़की नाबालिग है और उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप गंभीर है। वहीं कुमार मुर्मू ने पुलिस पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही नाबालिग को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाएगी।

पंचायत समिति प्रतिनिधि रईस कैसर ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि पंचायत क्षेत्र में इस प्रकार की घटना अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए और वे पीड़ित परिवार तथा आदिवासी समाज के साथ अंतिम दम तक खड़े रहेंगे।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा नाबालिग की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!