कोढ़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
कोढ़ा /कटिहार – कोढ़ा थाना पुलिस ने स्वयं को इंटेलिजेंस ब्यूरो आईबी का अधिकारी बताकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से फर्जी दस्तावेज, फर्जी विधिक कागजात, फर्जी आईबी ई-मेल आईडी तथा इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से तैयार किए गए गोपनीय कॉन्फिडेंशियल दस्तावेज मिलने के बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई 2026 की रात को कोढ़ा थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति स्वयं को आईबी का अधिकारी बताकर लोगों को भ्रमित कर रहा है और मुसापुर गांव की ओर घूम रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ त्वरित छापेमारी की। जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्ति की पहचान मोहम्मद अजहर अंसारी (29) पिता मोहम्मद अलाउद्दीन निवासी उतरौली थाना रेवतीपुर जिला गाजीपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
पूछताछ और सत्यापन के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में कोढ़ा थाना कांड संख्या-228/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता, 2023 एवं आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो का अधिकारी बताकर फर्जी पहचान और नकली सरकारी दस्तावेजों का इस्तेमाल करता था।
वह फर्जी आईबी ई-मेल आईडी तथा इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से तैयार गोपनीय दस्तावेज दिखाकर लोगों का विश्वास जीतता था और उनके साथ धोखाधड़ी करता था। कटिहार पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है तथा उसके नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के सरकारी अधिकारी होने के दावे पर बिना सत्यापन विश्वास न करें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।



















