कटिहार – नगर निगम सभागार में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित अधिकारियों,कर्मचारियों को नशामुक्त भारत निर्माण हेतु शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त कर स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने शपथ ली कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही उन्होंने कटिहार जिले एवं देश को नशामुक्त बनाने के लिए अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव प्रयास करने का संकल्प लिया। शपथ के दौरान यह संदेश दिया गया कि युवा राष्ट्र की ऊर्जा हैं और देश के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखते हुए सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है। नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाकर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को सचेत करना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
जब प्रत्येक व्यक्ति स्वयं से परिवर्तन की शुरुआत करेगा,तभी नशा मुक्त भारत का सपना साकार हो सकेगा।इस अवसर पर नगर निगम के नगर आयुक्त संतोष कुमार ,अधिकारी विवेक कुमार,अजय कुमार सिंह , राहुल कुमार,नुर अली खान , ज्योति कृष्ण मुर्ति सहित अभिषेक कुमार सिंह व अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे ।



























