किशनगंज:एसपी ने मासिक समीक्षा बैठक के दौरान दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

SHARE:

पुलिस अधिकारियों को किया गया सम्मानित

सागर चंद्रा/किशनगंज

टाउन थाना परिसर स्थित पुलिस सभागार में एसपी संतोष कुमार ने जिले के पुलिस पदाधिकारियों के साथ मासिक समीक्षा बैठक की। इस दौरान एसपी काफी तल्ख दिखे। उन्होंने गत मई माह में दर्ज किये गये कांडों की समीक्षा की और अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।

इस दौरान कांडों के निष्पादन में सुस्ती बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और अनुसंधान की गुणवत्ता एवं कांडों के निष्पादन के साथ-साथ विधि-व्यवस्था संधारण के साथ साथ आगामी त्योहारों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस दौरान सराहनीय कार्य के लिए पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) सहित एक पुलिस निरीक्षक, एक अवर निरीक्षक और एक सहायक अवर निरीक्षक के साथ साथ बेहतर अभियोजन कार्य के लिए पांच पीपी,एपीओ को सम्मानित भी किया गया।


उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को थाने में आये अगंतुको से शालीनतापूर्वक व्यवहार करने और उनकी समस्या का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी थानाध्यक्ष को अपने-अपने थाना में पिछले 05 वर्षों में सम्पतिमूलक अपराध में गिरफ्तार अपराधियों का 5-5 फोटो थाना एलबम में संधारित करने और ई-कॉपी रखने का निर्देश दिया। ताकि आपराधिक घटना घटित होने पर एलबम से घटना में शामिल अपराधियो की पहचान की जा सके।

उन्होंने जिले के प्रत्येक थाना में एक क्राईम एस आई एक तकनीकी एस आई और एक कोर्ट नोडल पदाधिकारी बनाने का निर्देश दिया। सभी पुलिस पदाधिकारी को तकनीकी जानकारी, पोस्को और एनडीपीएस एक्ट की जानकारी के लिये प्रशिक्षित किये जाने का दिशा-निर्देश दिया। इस दौरान थाना का पूर्नगठन का प्रस्ताव भेजने पर भी विचार विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के सौदागरों के विरूद्ध प्रभावकारी कार्रवाई हेतु एक डेडीकेटेड यूनिट और एएनटीएफ का गठन किया गया है।

सभी थानाध्यक्ष नशे के सौदागरों के विरुद्ध अभियान जारी रखेंगे और जागरूकता अभियान चलाएंगे। उन्होंने भूमि विवाद के निपटारे के लिए प्रखंड स्तर पर अंचल पदाधिकारी के साथ प्रभावी रूप से करने का निर्देश दिया। एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को थाना एवं पुलिस कार्यालय में निर्धारित दिवस को जन-सुनवाई करने और जनता की समस्या का त्वरित निदान करने का निर्देश दिया।

इस दौरान यातायात थानाध्यक्ष को निजी वाहनों पर पुलिस, प्रेस या अन्य भ्रामक पहचान लिख कर चलने वालों के साथ साथ बिना हेलमेट का वाहन चलाने वाले लोगों के विरूद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी थानाध्यक्षों को बाजार और भीड़-भाड़ वाले स्थान पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने का निर्देश दिया गया। जबकि महिला थानाध्यक्ष को थानाध्यक्ष, महिला थाना को महिलाओं की सुरक्षा के लिए योजना बनाकर पुलिस दीदी का कार्य करने का निर्देश दिया गया।

मानव तस्करी और देह व्यापार रोकने के लिए मानव व्यापार निरोध ईकाई को पूनर्गठित किया गया। ईकाई के प्रभारी को सूचना संकलन कर प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। सभी थानाध्यक्ष को अग्रिम गश्ती तालिका बनाकर प्रभावी गश्ती करने और शहरी क्षेत्र में बीट तथा ग्रामीण क्षेत्र में सेक्टर बनाने का निर्देश दिया गया।थाना के पदाधिकारियों के बीच बीट प्रभारी, सेक्टर प्रभारी बनाने और बीट सेक्टर प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्र का ब्योरा एक रजिस्टर में संधारित करने का निर्देश को दिया गया है। इस दौरान सभी थानाध्यक्ष को डायल 112 को प्रभावी बनाने के लिए प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों से शिकायत का त्वरित कार्रवाई कराने का निर्देश दिया गया।


समीक्षा के क्रम में अपराध समीक्षा प्रतिवेदन, दैनिक प्रतिवेदन, निष्पादन एवं लंबित कांडों की अद्यतन स्थिति अनुसंधानकर्त्तावार लंबित कांड, गिरफ्तारी हेतु शेष अभियुक्तों की सूची, दागी, फरार, गुंडा पंजी, मालखाना प्रबंधन, महिला हेल्प डेस्क पंजी, न्यायालय से संबंधित पंजी, कुर्की, इश्तेहार की स्थिति, डोसियर सत्यापन, ई-साक्ष्य एप पर पंजीकरण, दर्पण पोर्टल पर अद्यतनीकरण एवं मुख्यमंत्री ई-डेसबोर्ड, सीपी ग्राम पर लंबित आवेदनों की स्थिति की गहन समीक्षा की गई।

साथ ही आगामी पर्व-त्यौहारों और संवेदनशील परिस्थितियों में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी रखने और निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इस मौके पर पुलिस सभा का भी आयोजन किया गया। जिसमें पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने एसपी के समक्ष अपनी अपनी समस्याओं को रखा। वहीं एसपी ने समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई