मनिहारी /कटिहार – बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर हुए भीषण सड़क हादसे में शहीद हुए अरार थाना मधेपुरा के थानाध्यक्ष एवं मनिहारी नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-9 स्थित धमक टोला निवासी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उनके निधन से पूरे मनिहारी क्षेत्र में शोक की लहर है। अंतिम विदाई के दौरान पुलिस विभाग की ओर से पूरे सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मनिहारी डीएसपी विनोद कुमार के नेतृत्व में इंस्पेक्टर पप्पू कुमार, मनिहारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा, सार्जेंट मेजर सरवर आलम सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पुष्पचक्र एवं फूल-मालाएं अर्पित कर दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले पुष्प अर्पण किया गया। इसके बाद पुलिस बल द्वारा शोक सलामी दी गई तथा राजकीय सम्मान के तहत फायरिंग कर अंतिम विदाई दी गई। इस अवसर पर दो हवलदार और आठ सिपाहियों की टुकड़ी ने सम्मान गारद प्रस्तुत किया। आठ सिपाहियों द्वारा दो-दो राउंड की सम्मान फायरिंग कर शहीद अधिकारी को सलामी दी गई। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा और लोगों की आंखें नम दिखीं।
इधर दिवंगत अधिकारी के पुत्र हर्ष राज जो डॉन बॉस्को स्कूल की आठवीं कक्षा के छात्र हैं ने पिता को अंतिम विदाई दी। इस मार्मिक दृश्य ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया। लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

























