बरारी /कटिहार – प्रखंड मुख्यालय स्थित जीविका भवन में बरारी प्राथमिक बकरी पालक सहयोग समिति लिमिटेड की ओर से प्रशिक्षण सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति की अध्यक्ष कल्पना देवी ने की। शिविर का उद्देश्य बकरी पालन से जुड़े परिवारों, विशेषकर महिलाओं को संगठित कर उनकी आय बढ़ाने के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम में प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी सह प्रखंड पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार वर्णवाल ने कहा कि बकरी पालन ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार का सशक्त माध्यम बन सकता है। उन्होंने पशुपालकों को बकरियों के रखरखाव, रोग नियंत्रण, टीकाकरण एवं पोषण संबंधी जानकारी देते हुए सरकार की विभिन्न अनुदान आधारित योजनाओं से अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि प्रखंड बरारी प्राथमिक बकरी पालक सहयोग समिति का निबंधन हो चुका है और इसके विस्तार के लिए नए सदस्यों को जोड़ा जा रहा है। समिति के माध्यम से बकरी पालकों को संगठित कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।मौके पर प्रखंड परियोजना प्रबंधक संजीव कुमार सिंह, क्षेत्रीय समन्वय सदस्य कुंदन कुमार शर्मा, जीविका उपाध्यक्ष पार्वती देवी, समिति के पदाधिकारी एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने महिलाओं से बकरी पालन को आजीविका का मजबूत साधन बनाने की अपील की।


























