संवाददाता/ठाकुरगंज
जिले के ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र के पथरिया गांव में उस वक्त कौतूहल का माहौल बन गया जब ग्रामीणों को एक दुर्लभ वन्य जीव पैंगोलिन घूमता हुआ मिला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित करोड़ों रुपये की कीमत वाले इस जीव को देखकर लोग हैरान रह गए।
ग्रामीण परीक्षण राय और अन्य स्थानीय लोगों ने सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने पैंगोलिन को पकड़ने में जल्दबाजी नहीं की और न ही उसे किसी तरह का नुकसान पहुंचाया। गांव वालों ने पूरी सतर्कता के साथ जीव को सुरक्षित तरीके से पकड़ा और तुरंत प्रशासन को इसकी सूचना दे दी।
मुखिया प्रतिनिधि अजय सिंह ने बताया कि पैंगोलिन को सुरक्षित रूप से प्रशासन के सुपुर्द कर दिया गया है। अब वन विभाग की टीम उसकी स्वास्थ्य जांच करेगी। जांच के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा। विभाग ने ग्रामीणों के इस कदम की सराहना की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पैंगोलिन का मिलना बेहद असामान्य घटना है। यह जीव आमतौर पर घने जंगलों में पाया जाता है और तेजी से विलुप्त हो रहा है। तस्करी के कारण इसकी संख्या लगातार घट रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसके शल्क और मांस की भारी मांग है, इसलिए इसकी कीमत करोड़ों में होती है।
ग्रामीणों की जागरूकता और संवेदनशीलता की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है। लोगों ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण सिर्फ वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। आम लोगों की भागीदारी से ही दुर्लभ प्रजातियों को बचाया जा सकता है। पथरिया के लोगों ने यह साबित कर दिया।
वन विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि यदि कहीं कोई दुर्लभ जीव दिखे तो उसे नुकसान न पहुंचाएं। तुरंत विभाग को सूचना दें।

























