टेढ़ागाछ पुलिस की बड़ी सफलता :चोरी की बाइक बरामद, एक चोर गिरफ्तार

SHARE:

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ

टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। विगत दिनों टेढ़ागाछ बाजार से एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना प्राप्त हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए टेढ़ागाछ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया तथा गुप्तचरों को सक्रिय कर चोरी की बाइक और चोर की तलाश शुरू की गई।लगातार की जा रही छानबीन और गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार देर रात्रि थाना क्षेत्र के फुटानी चौक में पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।

बरामद बाइक मो. तबरेज आलम की बताई जा रही है, जिसकी चोरी को लेकर टेढ़ागाछ थाना में मामला दर्ज कराया गया था।गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना पता सिमलमनी, थाना टेढ़ागाछ बताया है। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि चोरी की अन्य घटनाओं और संभावित गिरोह से जुड़े तथ्यों का भी खुलासा किया जा सके। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इस संबंध में अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि टेढ़ागाछ थाना कांड संख्या 193/26 के तहत दर्ज मोटरसाइकिल चोरी मामले में चोरी की गई बाइक के साथ एक चोर को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा किसी भी परिस्थिति में अपराध प्रवृत्ति के लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
टेढ़ागाछ थाना की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की क्षेत्रवासियों ने सराहना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता से अपराधियों में भय का माहौल बना है और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई हैं।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई