टेढ़ागाछ बाजार में घंटो तक लगा भीषण जाम, आवागमन पूरी तरह बाधित

SHARE:

अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात बना परेशानी का कारण, प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग।

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ (किशनगंज)

प्रखंड मुख्यालय स्थित टेढ़ागाछ बाजार में गुरुवार की देर शाम भीषण जाम की समस्या से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाजार क्षेत्र में लगभग घंटो तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान यात्री, स्कूली बच्चे, स्थानीय दुकानदार एवं आम नागरिक घंटों तक जाम में फंसे रहे।

जाम के कारण बाजार क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।स्थानीय लोगों के अनुसार टेढ़ागाछ बाजार में लगातार बढ़ रही अतिक्रमण की समस्या जाम का मुख्य कारण बन गई है। सड़क के दोनों किनारों पर दुकानदारों द्वारा सामान सजाकर रखने तथा अस्थायी अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है। इसके चलते बड़े वाहनों के साथ-साथ छोटे वाहन और पैदल यात्रियों को भी आवागमन में परेशानी होती है।

कई बार एंबुलेंस एवं आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे गंभीर स्थिति उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है।ग्रामीणों ने बताया कि बाजार में प्रतिदिन जाम की समस्या बनी रहती है, लेकिन गुरुवार को स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई। लोगों ने प्रशासन से नियमित यातायात व्यवस्था लागू करने तथा अतिक्रमण हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में समस्या और विकराल हो सकती है।

गौरतलब है कि बिहार सरकार द्वारा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में अंचल अधिकारी शशि कुमार ने बताया कि आमीन द्वारा स्थल की मापी कराई जा चुकी है और जल्द ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!