फॉर्मर रजिस्ट्री नहीं कराने वाले किसान योजनाओं के लाभ से हो सकते हैं वंचित

SHARE:

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह

प्रखंड क्षेत्र की मटियारी पंचायत अंतर्गत विभिन्न वार्डों में पंचायत स्तरीय कर्मियों द्वारा किसानों का फॉर्मर रजिस्ट्री (FR) कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। किसानों को सरकार की कृषि एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से घर-घर जाकर जागरूक किया जा रहा है तथा उनका पंजीकरण किया जा रहा है।


किसान सलाहकार चंदन कुमार दास ने बताया कि पंचायत के सभी वार्डों में लगातार अभियान चलाकर किसानों का फॉर्मर रजिस्ट्री कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों का अभी तक एफआर नहीं हुआ है, वे अविलंब अपने पंचायत भवन या नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पहुंचकर फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी बनवा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में कृषि विभाग एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए फॉर्मर रजिस्ट्री आवश्यक होगी।


उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा किसानों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं, अनुदान, बीज वितरण, कृषि यंत्र अनुदान एवं अन्य सुविधाओं का लाभ लेने में फॉर्मर रजिस्ट्री महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में कार्य करेगी। ऐसे में सभी किसानों को समय रहते अपना पंजीकरण करा लेना चाहिए।


इस अभियान में पंचायत स्तरीय कर्मी घर-घर जाकर किसानों को आवश्यक जानकारी प्रदान कर रहे हैं तथा रजिस्ट्री प्रक्रिया में सहयोग भी कर रहे हैं। किसानों से अपील की जा रही है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंचायत भवन अथवा सीएससी केंद्र पहुंचकर अपना पंजीकरण शीघ्र पूर्ण कराएं।


इस संबंध में पंचायत प्रतिनिधि विजय चौधरी ने भी किसानों से फॉर्मर रजिस्ट्री कराने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने सभी किसानों से जागरूक होकर इस अभियान में सहयोग करने और समय पर अपना पंजीकरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई