मनिहारी में बालू लदे 5 ओवरलोड ट्रक जब्त,जांच जारी

SHARE:

मनिहारी /कटिहार- मनिहारी पुलिस ने अवैध बालू खनन एवं ओवरलोडिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच बालू लदे ट्रकों को जब्त किया है। कार्रवाई के बाद इलाके में खनन कारोबार से जुड़े लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है। सभी ट्रकों को मनिहारी थाना परिसर में रखा गया है और मामले की जांच जारी है। अग्रतर कारर्वाई के लिए खनन एवं परिवहन विभाग को सूचना दे दी गयी है।

जब्त किये गये ट्रकों के नंबर बीआर 39 जीबी0763,एमपी 09 एचएच 7539,एनएल जेडएल 0 एबी0359, जेएच 16 जी 6958,बीआर
39GE जीई 6450 है।

थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा ने बताया कि देर रात पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए पांच ट्रकों को नारायणपुर फोरलेन के समीप जब्त किया गया।प्रारंभिक जांच के दौरान दस्तावेजों और माइनिंग चालान को लेकर कई सवाल सामने आए हैं। ट्रक मालिक पक्ष एवं संबंधित विभाग के लोगों का कहना है कि ट्रकों में लदा बालू सरकारी निर्माण कार्य के लिए ले जाया जा रहा था।

इस संबंध में एक जूनियर इंजीनियर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन भी दिया। आवेदन में बताया गया कि माइनिंग चालान बना हुआ था। लेकिन किसी कारणवश चालान पर संबंधित ट्रकों के नंबर अंकित नहीं हो सके। थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा ने बताया कि प्रस्तुत माइनिंग चालान एवं लिखित आवेदन पर किसी प्रकार की सरकारी मोहर अथवा सक्षम अधिकारी का स्पष्ट सत्यापन नहीं पाया गया है। ऐसे में दस्तावेजों की गहन जांच आवश्यक है।

थानाध्यक्ष ने सवाल में कहा कि यदि माइनिंग चालान में वाहन संख्या दर्ज नहीं थी तो उन वाहनों से बालू का परिवहन किस आधार पर किया जा रहा था। साथ ही यदि दस्तावेज पूरी तरह वैध थे तो उन पर आवश्यक सरकारी सत्यापन और मोहर क्यों नहीं थी। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की सूचना खनन विभाग को दे दी गई है।

खनन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर माइनिंग चालान, परिवहन अनुमति, दस्तावेजों की वैधता तथा अन्य तथ्यों की जांच करेंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस बाबत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सरकारी कार्यों की तैयारी चल रही है।

उसी कार्य के लिए बालू ले जाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि दस्तावेजों की वैधता और परिवहन प्रक्रिया की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही सच सामने आएगा। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह केवल दस्तावेजी त्रुटि का मामला है या फिर नियमों के उल्लंघन का। क्या जांच के बाद ट्रकों को छोड़ दिया जाएगा या संबंधित पक्षों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी? इसका जवाब अब खनन विभाग और प्रशासनिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मिल सकेगा। फिलहाल मनिहारी में जब्त पांच ट्रकों का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई