किशनगंज/टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड के पूर्व प्रमुख मो. इस्माइल आजाद ने रविवार को किशनगंज स्थित एमजीएम कॉलेज परिसर में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने दूसरी बार राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री का दायित्व मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान पूर्व प्रमुख मो. इस्माइल आजाद ने टेढ़ागाछ प्रखंड की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं को मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने विशेष रूप से मटियारी घाट एवं सुहिया घाट पर बहुप्रतीक्षित पुल निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इन दोनों स्थानों पर पुल का निर्माण होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से भी निजात मिलेगी।
इसके अलावा उन्होंने टेढ़ागाछ प्रखंड में एक आधुनिक एवं सुविधासंपन्न मॉडल अस्पताल के निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है। मो. इस्माइल आजाद ने भूमि संबंधी विभिन्न समस्याओं से भी मंत्री को अवगत कराया तथा उनके शीघ्र समाधान की मांग की। मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
मुलाकात के बाद पूर्व प्रमुख मो. इस्माइल आजाद ने आशा व्यक्त की कि मंत्री के सकारात्मक आश्वासन से टेढ़ागाछ प्रखंड के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा।























