किशनगंज/अब्दुल करीम
किशनगंज जिले के पौआखाली थाना क्षेत्र में हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल एक विवाह समारोह में हर्ष फायरिंग करते नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अहमद हुसैन उर्फ लल्लू का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अहमद हुसैन राइफल से खुलेआम फायरिंग कर रहे हैं। हालांकि यह वीडियो दिसंबर 2024 का बताया जा रहा है, लेकिन हाल के दिनों में इसके वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई।
पौआखाली थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और वायरल वीडियो के आधार पर थाना कांड संख्या 59/2026 दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि दो लोगो के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।थाना अध्यक्ष अंकित कुमार ने स्पष्ट कहा कि हर्ष फायरिंग करना पूरी तरह से गैरकानूनी है और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार रात पुलिस ने मुख्य आरोपी अहमद हुसैन उर्फ लल्लू के आवास पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार मिला। वहीं वीडियो में दिख रहे दूसरे व्यक्ति, जिनकी पहचान वार्ड संख्या 7 के पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद हनीफ के रूप में हुई है, को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा।
इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं, पुलिस की त्वरित कार्रवाई की बुद्धिजीवी वर्ग द्वारा सराहना भी की जा रही है।





























