रणविजय/पौआखाली:
ठाकुरगंज के विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने रविवार को अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रखंड की सुदूरवर्ती ग्राम पंचायत भौलमारा का सघन दौरा किया है. उनके साथ अंचलाधिकारी मृत्यंजय कुमार भी मौजूद रहें. इस दौरान विधायक ने बाढ़ और नदी कटाव की विभीषिका झेल रहे ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को करीब से जानने का प्रयास किया.
विधायक ने मुख्य रूप से वार्ड संख्या 1, 4 और 2 के अंतर्गत आने वाले रूपादह, गोगरिया एवम चांद पटवा गांवों का बारी बारी से जायजा लिया है. इस क्रम में विधायक को ग्रामीणों ने नदी के कटाव से कृषि योग्य भूमि और आवासीय इलाकों में प्रत्येक वर्ष हो रही व्यापक क्षति की जानकारी दी है. ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि हर साल होने वाले इस कटाव से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ता है.
विस्थापित परिवारों को भूमि आवंटन कर पुनर्वास योजना का लाभ नही मिल पा रहा है. ग्रामीण, कटाव के चपेट में आए सरकारी विद्यालय भवन के पुनर्निर्माण की आस लगाए बैठी है. वहीं विधायक गोपाल अग्रवाल ने कहा है कि क्षेत्र की जनता की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है. इन इलाकों में कटाव की समस्या गंभीर है और बाढ़ से पहले इसके स्थाई समाधान के लिए संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों से बातचीत कर सकारात्मक पहल की जाएगी.
कटाव ग्रस्त इलाकों में तटबंधों के निर्माण एवम 70 विस्थापित परिवारों के पुनर्वास सहित नए स्कूल भवन का निर्माण कराकर आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित करवाया जाएगा, ताकि शिक्षा से विमुख नौनिहालों को प्राथमिक शिक्षा प्राप्त हो सके.
इस दौरान विधायक के साथ पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि, आदित्य कुमार गणेश, प्रो, विष्णुकांत झा, उप मुखिया मो सलीम, राजकुमार कर्मकार, माणिक कुमार गणेश, उमेश पासवान, कलपू पासवान, बासुदेव गणेश, गौरी डीलर, सुभाष कुमार, निर्मल गणेश, कॉलेज गणेश, किरण कुमार आदि स्थानीय जनप्रतिनिधि और कई कार्यकर्ता भी मौजूद रहे.



























