सीएम नीतीश कुमार ने अररिया को दी 546 करोड़ की योजनाओं की सौगात

SHARE:

समृद्धि यात्रा में पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार • 68 योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास • फारबिसगंज में एयरपोर्ट बनाने की घोषणा

अररिया / प्रतिनिधि

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान अररिया पहुंचकर जिले को 546 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। इस दौरान कुल 68 योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और कार्यारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से जिले में बुनियादी ढांचे और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।


समृद्धि यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री सुबह हेलीकॉप्टर से हड़ियाबाड़ी स्थित नवनिर्मित पुलिस लाइन पहुंचे, जहां उन्होंने लगभग 54 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक पुलिस लाइन भवन का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने 29.6 करोड़ रुपये की लागत से बने एएनएम प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया तथा कोसी दुग्ध परियोजना के मिल्क चिलिंग प्लांट के नवीकरण का शिलान्यास किया।


मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकासात्मक स्टॉलों का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद अररिया कॉलेज स्टेडियम में समीक्षा बैठक एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां उन्होंने जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास को गांव-गांव तक पहुंचाना है। उन्होंने वर्ष 2005 से पहले के बिहार की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय राज्य में सड़क, बिजली और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी थी, लेकिन आज इन क्षेत्रों में व्यापक सुधार हुआ है।


फारबिसगंज में बनेगा एयरपोर्ट


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि अररिया के फारबिसगंज में करीब 150 एकड़ जमीन पर आधुनिक एयरपोर्ट बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुपौल के वीरपुर में भी एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिससे सीमांचल क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बढ़ेगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।


प्रधानमंत्री को दिया धन्यवाद
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
को धन्यवाद देते हुए कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। उन्होंने बताया कि 2025 से 2030 तक राज्य के समग्र विकास के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है।


योजनाओं का संक्षिप्त विवरण
कुल योजनाएँ: 68
कुल राशि: लगभग 546 करोड़ रुपये
शिलान्यास: 6 योजनाएँ
कार्यारंभ: 2 योजनाएँ
उद्घाटन: 60 योजनाएँ



कार्यक्रम में सिकटी के भाजपा विधायक विजय कुमार मंडल, नरपतगंज विधायक देवंती यादव, जिला परिषद अध्यक्ष आफताब अजीम पप्पू, पूर्व जदयू प्रत्याशी शगुफ्ता अजीम सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई