बंगाल-नेपाल की कीर्तन मंडलियों की प्रस्तुति से भक्तिमय हुआ माहौल
दिघलबैंक/मुरलीधर झा
दिघलबैंक प्रखंड की दुबरी गांव पंचायत में शनिवार शाम से शुरू हुआ 48 घंटे का महाअष्टयाम संकीर्तन सोमवार देर शाम विधिवत रूप से संपन्न हो गया। इस दौरान 24 घंटे का रामायण पाठ भी आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय पुरोहितों ने हिस्सा लिया।
48 घंटे के हरिनाम संकीर्तन में बंगाल और नेपाल से आई कीर्तन मंडलियों ने राम नाम का धुन गाया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और अटूट श्रद्धा व विश्वास के साथ पूजा-अर्चना की।

अष्टयाम के लिए मंडप और आसपास के स्थानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। ‘हरे राम, हरे कृष्ण’ के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। रामायण पाठ और हवन पूर्णाहुति के साथ सोमवार देर शाम इस महाअष्टयाम संकीर्तन का समापन हुआ।
अष्टयाम के समापन के बाद मूर्तियों का विसर्जन गंधर्वडांगा स्थित कनकई नदी में विधि-विधान से किया गया।
इस अष्टयाम के सफल आयोजन में यज्ञ समिति के पप्पू दास, दीपू दास, नारायण दास, चंदर मुखिया, मोफत दास, देवचरण गणेश, बंशीधर झा, सुकलाल हरिजन, छोटू दास सहित समस्त ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई।




























